Advertisement

ऑनलाइन वर्क के डिप्रेशन में आकर युवती ने की आत्महत्या

हल्द्वानी(आरएनएस)।   मुखानी थाना क्षेत्र की रहने वाली एक युवती की एसटीएच में इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों से हुई प्राथमिक बातचीत में पुलिस के सामने डिप्रेशन में जहरीला पदार्थ खाने की बात सामने आई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। छोटी मुखानी के जेके पुरम स्थित ब्लॉक डी निवासी समर विजय की बेटी आकांक्षा मडवाल(22) ऑनलाइन जॉब करती थी। मंगलवार को उसकी संदिग्ध हालत में मौत हो गई। मेडिकल चौकी प्रभारी प्रवीण तेवतिया ने बताया कि युवती को सोमवार रात करीब 12:30 बजे एसटीएच में भर्ती कराया गया। मंगलवार सुबह करीब 7:15 बजे युवती की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक युवती अपनी ऑनलाइन जॉब को लेकर बीते दिनों से मानसिक तनाव में थी। सोमवार रात उसने पिता को खाना खिलाया उसके बाद उसने विषैला पाउडर खाने के बारे में बताया। इतना सुनते ही परिजन उसे लेकर एसटीएच पहुंचे। जहां कुछ ही घंटे बाद उसने दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची मेडिकल चौकी पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। परिजनों की ओर से किसी तरह का कोई आरोप-प्रत्यारोप नहीं लगाए गए हैं। बता दें कि करीब डेढ़ माह पहले एक नवंबर को अकांक्षा के दोस्त पार्थ का शव उसकी कार में मिला था। युवती के प्रयासों से ही पार्थ की मौत के बारे में परिजनों व पुलिस को पता चल सका था। पुलिस जांच में पार्थ की हत्या होने की पुष्टि हुई थी। इधर युवती की मौत से उसके परिवार में कोहराम मचा हुआ है।