पहाड़ भारत

खबर पहाड़ की

लोक संस्कृति दिवस पर पर्वतीय गांधी को अर्पित किए श्रद्धा सुमन

विकासनगर(आरएनएस)। पछुवादून और जौनसार बावर में पहाड़ के गांधी स्व. इंद्रमणि बडोनी की जयंती को लोक संस्कृति दिवस के रूप में मनाया गया। इस मौके पर शिक्षण संस्थानों में सांस्कृतिक कार्यक्रम और अन्य प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। राजनैतिक, सामाजिक संगठनों ने स्व. बडोनी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। उत्तराखंड क्रांति दल ने डाकपत्थर स्थित कार्यालय पर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। उक्रांद के केंद्रीय संरक्षक सुरेंद्र कुकरेती ने कहा कि बडोनी के सपने अभी पूरे नहीं हुए हैं। हम सभी को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर राज्य के विकास में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। कहा कि राज्य की अपनी संस्कृति के उत्थान में काम करना होगा। पहाड़ के विकास के लिए एक लंबी रेखा खींचकर दिखानी होगी, जिससे पलायन पर अंकुश लगने के साथ ही सीमांत क्षेत्र को सुरक्षित रखा जा सके। जिला अध्यक्ष गणेश काला ने कहा कि प्रदेश में मूल निवास 1950, हिमाचल की तर्ज पर भू कानून लागू किया जाना जरूरी है। यही पहाड़ के गांधी को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। ये उनकी सादगी और समझ थी कि पृथक उत्तराखंड राज्य के लिए एक सीधे सादे व्यक्तित्व ने पूरे जनमानस को एकत्र कर अलग राज्य की गूंज पूरे देश दुनिया में उठाई।