देहरादून। राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली आंदोलन की बैठक में तय हुआ कि वोट फॉर ओपीएस अभियान को तेज किया जाएगा। प्रदेश भर में कर्मचारियों को संगठित करते हुए संगठन को एक्टिव किया जाएगा। ब्लॉक से लेकर जिला कार्यकारिणियों का पुनर्गठन किया जाएगा। एनएमओपीएस की प्रांतीय कार्यकारिणी की बैठक में प्रांतीय अध्यक्ष जीतमणि पैन्यूली ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली आंदोलन को मजबूती प्रदान करने को आने वाले समय में जागरूकता अभियान के साथ साथ सदस्यता अभियान भी चलाया जाएगा। वोट फॉर ओपीएस अभियान से कर्मचारियों के साथ उनके परिजनों और सामाजिक संगठनों को भी जोड़ा जाएगा। सभी जिला कार्यकारिणी अपने अपने क्षेत्र के विधायकों, सांसदों को पुरानी पेंशन बहाल करने को ज्ञापन देंगे। कहा कि पुरानी पेंशन कर्मचारियों के सम्मान और नौजवानों के भविष्य की लड़ाई है। इसी को ध्यान में रखते हुए इस मुहिम में जनता को भी जोड़ते हुए जागरुक किया जाएगा। पुरानी पेंशन मध्यम वर्गीय परिवारों की रीढ़ की हड्डी है। जनता को साथ जोड़ कर दबाव बनाया जाएगा। महामंत्री मुकेश रतूड़ी ने कहा कि सभी जिला कार्यकारिणी अपने जिलों के सभी ब्लाकों में ब्लाक कार्यकारिणी का पुनर्गठन करेंगी। सभी जिलों में प्रत्येक विभाग का संयोजक नियुक्त किया जाएगा। सभी विभागों में समन्वय बनाए जाएंगे। सभी जिलों एवं ब्लाक में महिला विंग कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। इसके लिए प्रांतीय महिला विंग अध्यक्ष उर्मिला द्विवेदी को अधिकृत किया गया। बैठक में तय हुआ कि हरेला पर्व में पुरानी पेंशन बहाली को सभी जिला कार्यकारिणी और ब्लाक कार्यकारिणी पौधारोपण कार्यक्रम करेंगी। बैठक में प्रांतीय कोषाध्यक्ष शांतनु शर्मा, प्रांतीय प्रचार मंत्री हर्षवर्धन जमलोकी, प्रांतीय महिला विंग अध्यक्ष उर्मिला द्विवेदी, हेमलता कजालिया, अजीत चौहान, जगमोहन सिंह रावत, रूचि पैन्यूली, सूर्य सिंह पंवार आदि मौजूद रहे।
वोट फॉर ओपीएस अभियान चलाएगा एनएमओपीएस











