पहाड़ भारत

खबर पहाड़ की

शहीद मेजर दुर्गा मल्ल के 80वें श्रद्धांजलि दिवस पर शहीदों के परिजनों, वीर नारियों को सम्मानित किया

देहरादून। उत्तराखंड राज्य नेपाली भाषा समिति ने शहीद मेजर दुर्गा मल्ल के 80वें श्रद्धांजलि दिवस पर शहीदों के परिजनों, वीर नारियों का सम्मानित किया। शहीद मेजर दुर्गा मल्ल गढ़ी कैंट में रविवार को कार्यक्रम आयोजित किया गया। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने कहा कि आज हम आजाद भारत में रह रहे हैं, तो ये देश के उन वीर सुपूतों की बदौलत ही हो पाया है। इस दौरान गोर्खाली सुधार सभा के अध्यक्ष पदम सिंह थापा, उत्तराखंड राज्य नेपाली भाषा समिति के अध्यक्ष मधुसूदन शर्मा ने बताया कि शहीद मेजर दुर्गा मल्ल आजाद हिंद फौज के प्रथम गोर्खा सैनिक थे। जिन्होंने भारत की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। दुर्गा मल्ल का जन्म एक जुलाई 1913 को डोईवाला में गोर्खा राइफल्स के नायब सुबेदार गंगाराम मल्ल क्षेत्री और पार्वती देवी के घर हुआ था। उन्होंने गोर्खा मिलट्री इंटर कॉलेज में अपनी प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त की। 1931 में 18 वर्ष की आयु में दुर्गा मल्ल 2/1 गोर्खा राइफल्स में भर्ती हुए। इसके बाद वो नेताजी सुभाष चंद्र बोस की आजाद हिंद फौज में शामिल हुए। इस दौरान स्कूली बच्चों ने देशभक्ति गीतों की सुंदर प्रस्तुतियां दी। समिति ने विभिन्न समस्याओं का ज्ञापन कैबिनेट मंत्री जोशी को दिया, जोशी ने मांगों पर हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।