पहाड़ भारत

खबर पहाड़ की

राष्ट्र विरोधी ताकतों को बढ़ावा दे रही है आम आदमी पार्टी:धामी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने शनिवार को दिल्ली विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान तीन विधानसभा क्षेत्रों में जनसभाएं की। उन्होंने इन जनसभाओं में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर जमकर प्रहार किए। कहा कि आम आदमी पार्टी ने सिर्फ राष्ट्र विरोधी ताकतों को बढ़वा दिया है। शनिवार को मुख्यमंत्री धामी ने दिल्ली के रिठाला से भाजपा प्रत्याशी कुलवंत सिंह राणा, द्वारका से प्रद्धुमन राजपूत, मटियाला से संदीप सेहरावत और लक्ष्मीनगर विधानसभा से अभय वर्मा के पक्ष में की जनसभाओं में कहा कि आम आदमी पार्टी भ्रष्टाचार के मामले में कांग्रेस से भी आगे बढ़ गई है। केजरीवाल ने दिल्ली में महिलाओं को सुरक्षा का वादा किया था, लेकिन उनके ही शीश महल में महिला सांसद स्वाती मालिवाल के साथ मारपीट होती है।
धामी ने कहा कि केजरीवाल ने यमुना की सफाई पर 8500 करोड़ खर्च किए, आखिर लेकिन यमुना और गंदी हो गई है। इस पर केजरीवाल को जवाब देना ही होगा। अब वे अपनी नाकामी छिपाने के लिए हरियाणा पर यमुना की बदहाली का ठीकरा फोड़ते हैं।

सनातन का करते हैं अपमान
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि केजरीवाल का एजेंडा सिर्फ सनातन धर्म का अपमान है। लोगों को समझना चाहिए कि अलग-अलग होने का नाटक करने वाले आप और कांग्रेस एक ही हैं। ये दोनों पार्टियां भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण और हिंदू विरोध में एक-दूसरे के साझेदार हैं। कहा कि
छोटी-छोटी घटनाओं पर कैंडल मार्च और धरना प्रदर्शन करने वाले ये लोग बांग्लादेश में हिंदू नरसंहार पर चुप्पी साध लेते हैं और शाहिनबाग पर टुकड़े-टुकड़े गैंग का समर्थन करते हैं।