कोटद्वार। प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने विश्व पर्यावरण दिवस पर बुधवार को खूनीबड़ और आदर्श विद्यालय राइंका में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने एक पौधा भी लगाया। सर्वप्रथम विधानसभा अध्यक्ष खूनीबड़ पहुंचीं, जहां उन्होंने स्थानीय निवासियों के साथ मिलकर बीईएल रोड पर पौधा लगाया। तत्पश्चात वे आदर्श विद्यालय राजकीय इण्टर कॉलेज पहुंची और शहरी विकास मंत्रालय द्वारा आयोजित पर्यावरण दिवस कार्यक्रम के दौरान शिक्षक व अभिभावकों के साथ वृक्षारोपण किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण का हमारे जीवन में बड़ा महत्व है। वर्तमान में पर्यावरण पेड़ों के अतयधिक कटाव, प्लास्टिक की वस्तुओं व ग्लोबल वार्मिंग के कारण प्रदूषित हो रहा है। हमें आज कभी अत्यधिक बारिश व कभी अत्यधिक गर्मी से जूझना पड़ रहा है। आज हालत इस तरह बिगड़ गये हैं कि हमें पेड़ लगाने के साथ साथ पेड़ को बचाना भी जरूरी हो गया है। कहा कि सभी को इस मौके पर अधिक से अधिक पौधरोपण करने और उनको बचाने का संकल्प लेना होगा। इस अवसर पर शहरी विकास मंत्रालय के प्रोजेक्ट मैनेजर जतिन सैनी, प्र धानाचार्य मुकेश रावत, पंकज भाटिया, पार्षद कमल नेगी, गायत्री भट्ट ,नीरुबाला खंतवाल, सुभाष पाण्डेय, अनीता आर्य ,मंजू जखमोला और नीना बैंजवाल आदि उपस्थित रहे।




