पहाड़ भारत

खबर पहाड़ की

महिलाओं के खिलाफ हिंसा, अपराध पर कांग्रेस दर्ज कराएगी विरोध: धस्माना

देहरादून। कांग्रेस ने महिलाओं के खिलाफ हिंसा, अपराध पर विरोध दर्ज कराने का ऐलान किया। कांग्रेस वरिष्ठ उपाध्यक्ष संगठन सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि महिलाओं को न्याय दिलाने को कांग्रेस अपराध से जुड़े विषयों पर लगातार विरोध दर्ज कराती रहेगी। धस्माना ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ हिंसा, बलात्कार और हत्या के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। महिला अपराध में उत्तराखंड पूरे देश के हिमालई राज्यों में पहले पायदान पर आ गया है। इस ज्वलंत विषय पर राज्य की सत्ताधारी पार्टी की महिला शाखा भारतीय जनता महिला मोर्चा, राज्य महिला आयोग समेत राज्य बाल आयोग खामोश है। इन तीनों संगठनों के अध्यक्षों से कांग्रेस का सीधा सवाल है कि क्या हरिद्वार भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व अध्यक्ष की नाबालिग मासूम बेटी के साथ उसी की मां द्वारा करवाए गए दुराचार मामले का इन संगठनों ने संज्ञान लिया। क्या पीड़ित बच्ची से मुलाकात की। क्या इस मामले में इनके द्वारा कोई कार्यवाही की गई है? कहा कि छोटे छोटे मामलों में स्कूलों में पहुंच कर हंगामा करने वाले ये संगठन हिन्दू मुस्लिम विवादों में बढ़ चढ़ कर भागीदारी निभाते हैं। लेकिन राज्य को झकझोर देने वाले अंकिता भंडारी जैसे मामलों में चुप्पी साधे रहते हैं। हरिद्वार की घटना पर चुप्पी साधे रहते हैं। कहा कि इनके लिए पार्टी के प्रति निष्ठा महिलाओं की अस्मत और जिंदगियों से बहुत ज्यादा है। ऐसे में कांग्रेस राज्य में बिगड़ती जा रही कानून व्यवस्था, महिलाओं के खिलाफ हिंसा, बलात्कार और हत्याओं के मामले में अपना प्रदेश व्यापी अभियान जारी रखेगी।