विकासनगर। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी की जयंती पर शहर कांग्रेस कमेटी ने तिलक भवन में कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। वक्ताओं ने उन्हें आयरन लेडी बताते हुए कहा कि भारतीय राजनीति में उनके जैसा नेतृत्वकर्ता अब तक दूसरा नहीं आया है। इंदिरा गांधी ने प्रधानमंत्री रहते बांग्लादेश बनाकर विश्व का भूगोल बदल दिया था। कांग्रेस कमेटी के पछुवादून अध्यक्ष संजय किशोर महेंद्रू ने कहा कि स्व. इंदिरा गांधी का व्यक्तित्व साहस से भरा था। एक कुशल प्रशासक और दूरदर्शी नेता होने के साथ जल्द निर्णय लेने की क्षमता उन्हें औरों से अलग बनाती थी। उनके प्रधानमंत्री काल में देश ने बुलंदियों को छुआ। कहा कि इंदिरा गांधी ने देश के हित में अभूतपूर्व निर्णय लिए। बैंकों का राष्ट्रीयकरण करना और प्रिवी पर्स को समाप्त करना ऐतिहासिक निर्णय रहे। विश्व मानचित्र पर बांग्लादेश के उदय ने भारत को विश्व में सामरिक ताकत के तौर पर स्थापित किया। ब्लॉक अध्यक्ष अभिनव ठाकुर ने कहा कि कुछ लोग देश के लिए सर्वस्व अर्पित कर देने वाले नेताओं को लगातार बदनाम कर रहे हैं। स्व. इंदिरा गांधी ने पाकिस्तान के दो टुकड़े किए। हिन्दुस्तान की मजबूती के लिए शहादत दी। इस दौरान हरबर्टपुर शहर अध्यक्ष आशीष पुंडीर, डाकपत्थर अध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा, रेखा रमोला, क्षेत्र पंचायत सदस्य सलमान, इलम चंद, मुल्तानी, संदीप भटनागर, भुवन पंत, सुबोध वर्मा और संयम जैन आदि मौजूद रहे।
इंदिरा गांधी को जयंती पर कांग्रेसियों ने याद किया




