पहाड़ भारत

खबर पहाड़ की

मतपेटियां जमा करने के लिए देर रात तक लगी रही भीड़

विकासनगर। मतदान सम्पन्न होने के बाद मतपेटियां जमा करने के लिए स्ट्रांग रूम में देर रात तक भीड़ लगी रही। निकाय चुनाव की मतगणना के लिए सेलाकुई और विकासनगर स्ट्रांगरूम मनाए गए हैं। अधिकतर बूथों पर मतदान शाम छह बजे तक सम्पन्न हो गया। जबकि कुछ बूथों पर देर शाम तक मतदान हुआ। स्ट्रांग रूम में सबसे पहले शाम सात बजे विकासनगर के वार्ड संख्या पांच की मतदान पेटियां जमा हुई। आशा राम वैदिक इंटर कॉलेज के कक्ष संख्या दो की पोलिंग पार्टी के मतदान अधिकारी बीएस पाल ने पहली मतपेटी जमा कराई। पीठासीन अधिकारी सरकारी वाहनों से मतपेटी लेकर मतगणना स्थल पर पहुंचे। यहां कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में मतपेटियों को स्ट्रांग रूम में जमा कराया गया। आशा राम वैदिक इंटर कॉलेज परिसर में बनाए गए स्ट्रांगरूम पर शाम साढ़े सात बजे के बाद हरबर्टपुर और विकासनगर दोनों ही निकायों की पोलिंग पार्टियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। जबकि सेलाकुई नगर पंचायत की मतपेटियां राजकीय इंटर कॉलेज सेलाकुई में जमा करने के लिए साढ़े सात बजे पहली पोलिंग पार्टी पहुंची। इसके बाद देर रात तक पोलिंग पार्टियों के वापस लौटने का सिलसिला जारी रहा। आशा राम वैदिक इंटर कॉलेज में रात 11 बजे तक हरबर्टपुर और विकासनगर की मतपेटी जमा करने के लिए भीड़ लगी रही। सेलाकुई के राजकीय इंटर कॉलेज में बनाए गए स्ट्रांग रूम में मत पेटियां जमा करने के लिए भी देर रात तक भीड़ लगी रही। एसडीएम विनोद कुमार ने बताया कि सभी स्ट्रांगरूम की सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।