पहाड़ भारत

खबर पहाड़ की

 6 से 8 जून तक थराली स्थित चेपड़ो में होगा शहीद भवानी दत्त जोशी शौर्य महोत्सव

चमोली। अशोक चक्र विजेता शहीद भवानी दत्त जोशी की स्मृति में शौर्य महोत्सव 6 से 8 जून तक चमोली गढ़वाल के थराली स्थित चेपड़ो होगा। आयोजन समिति ने शुक्रवार को उत्तरांचल प्रेस क्लब देहरादून में पत्रकार वार्ता में इसकी जानकारी दी। महोत्सव में अलग-अलग क्षेत्र में विशिष्ट मुकाम हासिल करने वाली हस्तियों को भी इस बार सम्मानित किया जाएगा। मेला समिति से जुड़े पदाधिकारियों ने बताया कि ऑपरेशन ब्लू स्टॉर में शहीद अशोक चक्र विजेता भवानी दत्त जोशी के सम्मान में महोत्सव आर्थिक कारणों से 2008 के बाद आयोजित नहीं हो पाया था। पिछले साल स्थानीय दिव्यांग कलाकार बीरु जोशी की पहल पर इसकी फिर से शुरूआत की गई। तब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उद्घाटन मौके पर महोत्सव को राजकीय मेला घोषित किया। इस बार महोत्सव को वृहद स्तर पर आयोजित किया जा रहा है। हालांकि अभी सरकार से सहायता नहीं मिली है। आयोजन समिति से जुड़े दिगपाल सिंह गड़िया ने बताया कि इस बार वर्तमान और रिटायर्ड सैन्य अफसरों, शहीद सैनिक आश्रितों, आजाद हिंद फौज, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, विक्टोरिया क्रास दरवान सिंह नेगी के परिजनों के साथ ही वीर चक्र प्राप्त सैनिकों के परिजनों को आमंत्रित किया गया है। साथ ही पद्मश्री बसंती बिष्ट, पद्मश्री प्रो. डीआर पुरोहित, पद्मश्री कल्याण सिंह रावत, बलराज नेगी, शहीद भवानी दत्त जोशी की धर्मपत्नी विमला देवी, प्रो.मोहन सिंह रावत, नारायण सिंह बिष्ट समेत विशिष्ट हस्तियों को सम्मानित करेंगे। महोत्सव में सेना के अलावा स्कूली छात्रों, महिला मंगल दल और लोक कलाकार हेमा नेगी करासी , माया उपाध्यक्ष, सौरभ मैठाणी, महिपाल मेहता, मृणाल रतूड़ी, दर्शन फर्स्वाण, गजेंद्र राणा, विवेक नौटियाल कार्यकम में प्रस्तुति देंगे। पत्रकार वार्ता में समिति के महासचिव देवेन्द्र सिंह रावत, व्यवस्थापक देवी जोशी, कर्नल ईश्वर फर्स्वाण, दर्शन शाह समेत अन्य मौजूद रहे।