Advertisement

डीलरों ने ऑनलाइन राशन नहीं बांटा, अक्तूबर माह का अटका

चमोली। सितंबर माह में ऑनलाइन राशन वितरण न होने के कारण देवाल ब्लॉक के उपभोक्ताओं को अक्तूबर माह का राशन नहीं मिल पाया है। पंचायत प्रतिनिधियों और उपभोक्ताओं ने जिलाधिकारी से शीघ्र अक्तूबर माह का राशन भेजने की मांग की।विकास खंड में अंत्योदय के 419, खाद्य सुरक्षा के 2815 और राज्य योजना के अंतर्गत एपीएल के 2480 उपभोक्ता हैं। ब्लॉक में कुल 52 डीलर हैं लेकिन इन डीलरों को अक्तूबर माह का राशन नहीं मिला है। बताया जा रहा है कि डीलरों ने इससे पहले के माह में राशन का वितरण ऑनलाइन नहीं किया था। इसी कारण उन्हें अक्तूबर माह का राशन नहीं दिया गया। लिंगड़ी के डीलर मादो सिंह ने बताया कि उनके गांव को सितंबर और अक्तूबर दोनों माह का राशन नहीं मिला है। डीलर संघ के अध्यक्ष गोपाल सिंह ने बताया कि कनेक्टिविटी की समस्या और राशन वितरण मशीन खराब होने से ऑनलाइन वितरण नहीं हो पाया। देवाल साधन सहकारी समिति के सचिव विपिन मिश्रा ने कहा कि उनकी समिति के 671 राशन कार्डों में से केवल 100 ही ऑनलाइन हो पाए हैं। पूर्ति निरीक्षक मनोहर फस्वार्ण ने बताया कि सितंबर में डीलरों द्वारा ऑनलाइन राशन वितरण न करने के कारण आगे से ही राशन नहीं पहुंचा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *