पहाड़ भारत

खबर पहाड़ की

नगर निगम में पांच साल जमकर हुआ भ्रष्टाचार: यूकेडी

देहरादून। उत्तराखंड क्रांति दल ने नगर निगम में बीते पांच साल के कार्यकाल के दौरान भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। केंद्रीय कार्यालय में शनिवार को निकाय चुनाव को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता में पदाधिकारियों ने कई मामले उठाए। महानगर के प्रभारी बृजमोहन सिंह सजवान ने कहा कि नगर निगम के पिछले पांच साल का कार्यकाल बहुत निराशाजनक रहा है। यह केवल भ्रष्टाचार का कार्यकाल बनकर रह गया। मीडिया प्रभारी अनिल थपलियाल ने कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल निकाय चुनाव से संबंधित तैयारी को लेकर आगामी आठ सितंबर को होटल द्रोण में एक कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित करेगा। प्रदेश निकाय चुनाव प्रभारी जयप्रकाश उपाध्याय इसकी अध्यक्षता करेंगे। बतौर मुख्यअतिथि केंद्रीय अध्यक्ष पूरन सिंह कठैत शिरकत करेंगे। मीडिया प्रभारी अनिल थपलियाल ने बताया कि महानगर देहरादून के अंतर्गत सभी सौ वार्डों में प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया ल रही है। किरण रावत ने कहा कि जैसे ही सीटों का आरक्षण रोस्टर जारी होगा। उत्तराखंड क्रांति दल द्वारा प्रत्याशियों की घोषणा कर दी जाएगी। दीपक रावत ने आरोप लगाया कि सरकार जानबूझकर निकाय चुनाव में देरी कर रही है। वक्ताओं ने स्मार्ट सिटी के कार्यों में लापरवाही, महिला अपराध समेत विभिन्न मुद्दों को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल के कार्यकर्ता जनता के बीच में जाकर सरकार को घेरने का काम करेंगे। स्मार्ट सिटी में करोड़ों रुपए के घोटाले को भी उजागर करने की बात कही। पदाधिकारियों ने सरकार से मांग की है कि जल्द ही वार्डों को रोस्टर के माध्यम से आरक्षित कर निकाय चुनाव करवाए जाएं।