पहाड़ भारत

खबर पहाड़ की

महंगाई से जनता त्रस्त, सोना आम नागरिकों की पहुंच से बाहर: गोदियाल

कोटद्वार। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भाजपा सरकार की नीतियों की आलोचना की। उन्होंने हिंदू पंचायती धर्मशाला में पत्रकार वार्ता में कहा कि जनता सरकार की नीतियों से त्रस्त है। महंगाई सूचकांक शीर्ष पर पहुंच गया है। गोदियाल ने आरोप लगाया कि सरकार ने जनता को सोना खरीदने लायक नहीं छोड़ा। भ्रष्टाचार के कारण सोने की मांग बढ़ी है और भ्रष्टाचारी ही सोना खरीद रहे हैं। सरकार को ऐसी व्यवस्था करनी चाहिए जिससे सोना आम नागरिकों तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जनता की बात नहीं सुन रही है। ऐसे में जनता के पास सरकार को उखाड़ फेंकने का ही विकल्प है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फिजूलखर्ची से बचने को कहते हैं, पर उन्होंने 8000 करोड़ रुपये खर्च कर विदेश यात्रा की। कहा कि पेट्रोल, डीजल और गैस के दाम बढ़ाए गए हैं, गैस के दाम 999 रुपये तक बढ़े। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव वाले राज्यों में तेल-गैस की किल्लत नहीं है जबकि चुनाव निपट चुके राज्यों में स्थिति सामान्य नहीं है। भाजपा का मकसद हर हाल में चुनाव जीतना है। अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच चार माह बाद भी शुरू नहीं हुई। चंपावत मामले में भी चिकित्सा रिपोर्ट के बावजूद बयान बदलने का आरोप है। इस मौके पर पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी, जिलाध्यक्ष विकास नेगी, महानगर कांग्रेस अध्यक्ष मीना बछवाण, पूर्व ब्लॉक प्रमुख गीता नेगी, महिला कांग्रेस की पूर्व प्रदेश महामंत्री रंजना रावत, संजय मित्तल, शूरवीर खेतवाल, शंकेश्वर प्रसाद सेमवाल आदि मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *