Advertisement

एसएसपी ने जवानों के साथ लगाई दौड़, ड्रिल और शस्त्राभ्यास से परखी दक्षता

अल्मोड़ा। एसएसपी चंद्रशेखर घोडके ने शुक्रवार को पुलिस लाइन अल्मोड़ा में साप्ताहिक परेड के दौरान पुलिस जवानों की दक्षता, अनुशासन और शारीरिक फिटनेस का जायजा लिया। उन्होंने जवानों के साथ स्वयं दौड़ लगाकर उन्हें नियमित व्यायाम और बेहतर स्वास्थ्य बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। परेड के दौरान जवानों को दौड़, तेज चाल, ड्रिल, शस्त्राभ्यास और स्क्वाड ड्रिल का अभ्यास कराया गया। इसके साथ ही बलवा ड्रिल की विभिन्न टुकड़ियों की कार्रवाई और शस्त्र संचालन का प्रशिक्षण दिया गया। जवानों ने शस्त्रों को खोलने-जोड़ने, सुरक्षित तरीके से इस्तेमाल करने और उनसे संबंधित तकनीकी जानकारियों का अभ्यास किया। एसएसपी ने कहा कि अनुशासन, शारीरिक दक्षता और टीमवर्क प्रभावी पुलिसिंग के लिए महत्वपूर्ण हैं। नियमित अभ्यास से जवानों की कार्यकुशलता बढ़ती है और उन्हें विभिन्न परिस्थितियों में बेहतर तरीके से कार्रवाई करने में मदद मिलती है। परेड के बाद एसएसपी ने पुलिस लाइन का निरीक्षण कर वहां चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने प्रतिसार निरीक्षक मोहित कुमार को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान सीओ अल्मोड़ा बलवंत सिंह रावत, मुख्य अग्निशमन अधिकारी नरेंद्र सिंह कुंवर, सीओ संचार राजीव कुमार सहित जिले के सभी प्रभारी निरीक्षक और थानाध्यक्ष तथा पुलिस कार्यालय, पुलिस लाइन और अग्निशमन सेवा के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *