अल्मोड़ा। भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल पर की गई टिप्पणी पर आपत्ति जताते हुए कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में लंबे समय तक योगदान देने वाले व्यक्तित्वों के प्रति सार्वजनिक जीवन में मर्यादा और सम्मान बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने कहा कि डोभाल का जीवन राष्ट्र की सुरक्षा और सेवा के लिए समर्पित रहा है और उनके प्रति अमर्यादित टिप्पणी उत्तराखंड की भावनाओं को आहत करती है। महेश नयाल ने कहा कि उत्तराखंड ने जनरल बिपिन रावत और अजीत डोभाल जैसे व्यक्तित्व देश को दिए हैं। उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक, बालाकोट एयरस्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा और आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई जैसे विषयों पर राजनीतिक बयान देते समय सेना के मनोबल और देशहित का ध्यान रखा जाना चाहिए। भाजपा जिलाध्यक्ष ने कांग्रेस के प्रदेश नेतृत्व से सवाल किया कि क्या राहुल गांधी की टिप्पणी पार्टी का आधिकारिक दृष्टिकोण है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े व्यक्तियों के प्रति असम्मानजनक भाषा का प्रयोग उचित नहीं है। नयाल ने कांग्रेस से इस मामले में अपना रुख स्पष्ट करने और उत्तराखंड की भावनाओं का सम्मान करने की अपेक्षा जताई।
राहुल गांधी की टिप्पणी उत्तराखंड के गौरव और स्वाभिमान को ठेस पहुंचाने वाली: महेश नयाल
















Leave a Reply