अल्मोड़ा। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की चेकिंग और नए नियमों को लेकर देवभूमि उद्योग नगर व्यापार मंडल ने विरोध जताया है। नगर अध्यक्ष संजय साह के नेतृत्व में व्यापारियों ने सहायक आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर मिठाई कारोबारियों की समस्याएं उठाईं। व्यापार मंडल ने चेतावनी दी कि यदि चेकिंग के नाम पर व्यापारियों का उत्पीड़न बंद नहीं हुआ तो जिले के कारोबारियों को एकजुट कर आंदोलन किया जाएगा। व्यापार मंडल की मुख्य आपत्ति मिठाइयों और कच्चे माल पर उपयोग की अंतिम तिथि अंकित करने के अनिवार्य नियम को लेकर है। व्यापारियों का कहना है कि मिठाइयों पर पहले से निर्माण की तारीख अंकित की जाती रही है और पूर्व की बैठकों में भी इसी व्यवस्था पर सहमति बनी थी। उनका तर्क है कि कच्चे माल की गुणवत्ता मौसम, तापमान, परिवहन और भंडारण की परिस्थितियों पर निर्भर करती है, इसलिए उसके उपयोग योग्य रहने की निश्चित अवधि तय करना व्यावहारिक नहीं है। व्यापारियों ने त्योहारों के दौरान होने वाली जांच पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि होली, दीपावली, दशहरा और रक्षाबंधन जैसे अवसरों पर अचानक चेकिंग होने से कारोबार प्रभावित होता है और दुकानदारों में भय का माहौल बनता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विभाग के पास मिठाइयों की गुणवत्ता जांचने के पर्याप्त उपकरण नहीं हैं, इसके बावजूद जांच के नाम पर व्यापारियों को परेशान किया जाता है। व्यापार मंडल ने बाहरी और मिलावटी खोया-पनीर की शहर में आपूर्ति रोकने के लिए लोधिया बैरियर पर जांच की व्यवस्था करने की मांग भी उठाई। व्यापारियों का कहना है कि इस संबंध में पहले भी प्रशासन से आग्रह किया गया, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि व्यापारियों का उत्पीड़न नहीं रुका तो खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के उच्च अधिकारियों के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा। व्यापार मंडल ने कहा कि आंदोलन की जिम्मेदारी विभागीय अधिकारियों की होगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला अध्यक्ष मनोज सिंह पवार, जिला महामंत्री संगठन निकेश उपाध्याय, नगर महासचिव दीप चंद्र जोशी, जिला महामंत्री हिमांशु कांडपाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष दीपक जोशी, जिला संगठन मंत्री हरि कृष्ण खत्री और नीरज थापा, जिला संयुक्त महामंत्री नमन गुरुरानी, सुधीर गुप्ता और मनजिंदर सिंह सहित अन्य पदाधिकारी और मिठाई कारोबारी मौजूद रहे।


















Leave a Reply