Advertisement

विपक्ष ने साथ नहीं दिया, अब इस्‍तीफा देंगे उमेश कुमार

देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा के दो दिवसीय सत्र से पहले खानपुर से निर्दलीय विधायक उमेश कुमार ने विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा देने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि वह बुधवार को अपना इस्तीफा देंगे। उमेश कुमार ने जनता के मुद्दों पर विपक्ष का साथ नहीं मिलने को अपने फैसले की वजह बताया है।
उमेश कुमार के अनुसार, हरिद्वार में किसानों की फसलें बर्बाद हुई हैं, लेकिन इस मुद्दे पर उनके साथ कोई खड़ा नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता से जुड़े सवालों को उठाने में भी उन्हें विपक्ष का अपेक्षित समर्थन नहीं मिला। इसी नाराजगी के बीच उन्होंने विधानसभा की सदस्यता छोड़ने की घोषणा की है।
विधायक ने यह भी स्पष्ट किया कि वह न तो कांग्रेस में जा रहे हैं और न ही भाजपा में शामिल होने की योजना बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह इन दलों में जाकर उन लोगों के समर्थन में नारे नहीं लगा सकते, जो कभी उनके दरवाजे पर आकर बैठते थे।
उमेश कुमार के इस्तीफे के ऐलान से विधानसभा सत्र से पहले प्रदेश की राजनीति में नई चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि, इस्तीफे की घोषणा और औपचारिक रूप से इस्तीफा सौंपे जाने के बीच अंतर है। सदस्यता को लेकर आगे की स्थिति उनके इस्तीफे और विधानसभा की निर्धारित प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *