Advertisement

अध्यापकों की नियुक्ति को लेकर गरजा छात्रसंघ, धरने के बाद मिला आश्वासन

हरिद्वार। राजकीय महाविद्यालय मरगूबपुर में अंग्रेजी और अर्थशास्त्र विषयों के अध्यापकों की नियुक्ति की मांग को लेकर सोमवार को छात्र-छात्राओं ने धरना प्रदर्शन किया। लंबे समय से दोनों विषयों के पद रिक्त होने से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। धरने के बाद प्राचार्य ने छात्रसंघ पदाधिकारियों से वार्ता कर जल्द नियुक्ति का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि नियुक्ति के संबंध में निदेशालय से आदेश भी प्राप्त हो चुका है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में छात्र-छात्राओं ने कहा कि महाविद्यालय में दोनों विषयों के अध्यापक नहीं होने से उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इस संबंध में कई बार प्राचार्य को ज्ञापन देकर समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन नियुक्ति नहीं होने से विद्यार्थियों में नाराजगी थी।
करीब चार-पांच दिन पहले भी छात्रसंघ पदाधिकारियों ने प्राचार्य को पत्र सौंपकर दोनों विषयों में अध्यापकों की नियुक्ति की मांग की थी। प्राचार्य ने पत्र आवश्यक कार्रवाई के लिए निदेशालय भेजा था। सोमवार को विद्यार्थियों ने महाविद्यालय परिसर में धरना देकर जल्द नियुक्ति की मांग उठाई। उनका कहना था कि शिक्षकों की कमी के कारण शैक्षणिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं और विद्यार्थियों के भविष्य पर असर पड़ रहा है। इसके बाद प्राचार्य ने छात्रसंघ पदाधिकारियों से वार्ता की और बताया कि निदेशालय से नियुक्ति के आदेश मिल चुके हैं। जल्द ही दोनों विषयों में अध्यापकों की तैनाती की जाएगी। धरने में छात्रसंघ अध्यक्ष असरा, सचिव सना प्रवीन, महाविद्यालय के प्रथम छात्रसंघ अध्यक्ष अब्दुल्ला, प्रथम विश्वविद्यालय प्रतिनिधि मोहम्मद उमर, छात्र नेता मोहम्मद शावेज, जीनत, फरीद सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *