Advertisement

धनवर्षा स्टील फैक्टरी की भट्टी में धमाका, आसपास के लोगों में फैली दहशत

कोटद्वार। कोटद्वार के जशोधरपुर औद्योगिक आस्थान स्थित धनवर्षा स्टील फैक्टरी में बृहस्पतिवार सुबह लोहे की ढलाई के दौरान भट्टी में लगे शॉकर के अचानक फटने से जोरदार धमाका हो गया। धमाके की आवाज दूर तक सुनाई दी, जिससे आसपास के क्षेत्र में दहशत फैल गई। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। घटना के बाद मौके पर जुटे लोगों ने फैक्टरी की सुरक्षा व्यवस्था और गतिविधियों पर सवाल उठाते हुए नाराजगी जताई। जानकारी के अनुसार, सुबह करीब साढ़े नौ बजे फैक्टरी में लोहे की ढलाई चल रही थी। इसी दौरान भट्टी में लगा शॉकर फट गया। धमाके के बाद बड़ी संख्या में लोग फैक्टरी परिसर में पहुंच गए और काफी देर तक हंगामा होता रहा। सूचना पर कोटद्वार कोतवाली प्रभारी प्रदीप नेगी और कलालघाटी चौकी प्रभारी एसआई राजाराम डोभाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अग्निशमन वाहन को भी बुलाया गया। पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया और स्थिति नियंत्रित की। फैक्टरी प्रबंधक कमल मेहरा ने बताया कि लोहा गलाने के लिए कच्चा माल डालने के दौरान कभी-कभी शॉकर फट जाता है। हालांकि, इससे पहले भट्टी संकेत दे देती है और श्रमिक तत्काल सुरक्षित दूरी पर चले जाते हैं। घटना के बाद क्षेत्र में फैक्टरी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चाएं होती रहीं। स्थिति सामान्य होने पर पुलिस लौट गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *