पहाड़ भारत

खबर पहाड़ की

विधायक भौर्याल ने लिया आपदाग्रस्त गांवों का भ्रमण कर नुकसान का जायजा

बागेश्वर। जिले में मानसूनी बारिश का सबसे अधिक असर कपकोट तहसील में हो रहा है। क्षेत्र की कई सडक़ें बाधित हैं। गांव के पैदल रास्ते भी ध्वस्त हो गए हैं। बिचला दानपुर इलाके में भी हालात बेहद खराब हैं। शनिवार को विधायक बलवंत सिंह भौर्याल ने क्षेत्र के तमाम गांवों का भ्रमण कर नुकसान का जायजा लिया। लोगों की परेशानियों को सुना और अधिकारियों को लोगों की समस्याओं का जल्द निदान करने के निर्देश दिए। विधायक भौर्याल ने शामा, लीती, बड़ी पन्याली, भनार आदि गांवों में आपदा से हुए नुकसान का स्थलीय निरीक्षण किया। टूटे व बदहाल रास्तों को पैदल पार कर वह लोगों के बीच गए। उन्होंने बंद सडक़ों और पूरी तरह से ध्वस्त हो गए पैदल रास्तों को देखा। प्रशासन से जल्द इनको दुरुस्त कराने को कहा। कई गांवों में बारिश से हुए भूस्खलन से बिजली और पानी का संकट भी गहरा गया है। लोगों ने विधायक को इसकी जानकारी दी। किसानों ने उपजाऊ जमीन और फसलों को हुए नुकसान के बारे में बताया। विधायक ने सभी लोगों की समस्याएं सुनी और अधिकारियों से इनका जल्द निदान करने को कहा। उन्होंने गांवों में सभी जरूरी सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख गोविंद सिंह दानू, पूर्व प्रमुख मनोहर राम, गिरीश जोशी, गणेश सुरकाली, क्षेपं सदस्य कुंदन सिंह आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *