Advertisement

आदिबदरी में रंगारंग कार्यक्रमों पर झूमे लोग

चमोली। आदिबदरी सांस्कृतिक एवं पर्यटन विकास मेले के तीसरे दिन स्कूली बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। वहीं महाभिषेक समारोह के दौरान आयोजित कथा श्रवण के लिए यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। मंगलवार को मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रमों में प्राथमिक विद्यालय नगली, जीआईसी आदिबदरी, एसजीआरआर आदिबदरी, प्राइमरी स्कूली आदिबदरी, जूनियर हाईस्कूल नगली, प्राथमिक विद्यालय खाल, एवं प्राथमिक विद्यालय जैम के बच्चों ने धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहनीय प्रस्तुतियां दी। वहीं दूसरी ओर गढ़वाल राइफल के कीर्तन मंडल में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा के तीसरे दिन कथावाचक आचार्य रोहित मैखुरी ने श्रद्धालुओं को सत्कर्म के मार्ग पर चलने की सीख दी। मंदिर समिति के अध्यक्ष ने बताया कि महाभिषेक समारोह में भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। इस अवसर पर कोषाध्यक्ष बलवंत भंडारी, नरेंद्र चाकर, विजय चमोला, बीरेद्र भंडारी, भलसों के प्रधान नवीन खंडूड़ी, मायाराम बहुगुणा, कुंवर कठैत, चक्रधर थपलियाल, राजेंद्र प्रसाद चमोला, बसंत शाह, विनोद शाह, मदन नेगी सहित जुलगढ़, कुमखोड़, खाल, ताल, तलसारी, स्यालकोट, सुगड़, रंडोली, पज्याणा, तोप, सेम, थापली, सिलपाटा आदि गांवों के ग्रामीण मौजूद थे।