हल्द्वानी। पूर्व कैबिनेट मंत्री व भाजपा विधायक बंशीधर भगत ने वीर सावरकर पर राहुल गांधी की टिप्पणी को अपमानजनक बताया। उन्होंने कहा कि महान क्रांतिकारी, स्वतंत्रता सेनानी, समाज सुधारक और राष्ट्रवादी नेता होने के कारण उन्हें वीर सावरकर के नाम से संबोधित किया जाता है। ऐसे सेनानी पर की गई टिप्पणी के लिए राहुल गांधी को देश से माफी मांगनी चाहिए। विधायक ने कहा आजादी के बाद की सरकारों को वीर सावरकर इसलिए खटकते थे क्योंकि वह हिंदी ,हिन्दू और हिन्दुस्तान की बात करते थे। हिन्दू राष्ट्रवाद की राजनीतिक विचारधारा ‘हिन्दुत्व’ को विकसित करने का श्रेय वीर सावरकर को जाता है। कांग्रेसी नेता इसी बात की खीझ इस तरह की टिप्पणी करके निकाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि परिवर्तित हिन्दुओं को हिन्दू धर्म में वापस लौटाने के लिए किए गए वीर सावरकर के प्रयासों से आजादी के बाद की सरकारें परेशान रहा करती थी। वीर की उपाधि से विभूषित सावरकर पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की टिप्पणी राष्ट्रवाद की बात करने वाले लोगों के लिए अपमानजक है। भगत ने कहा कि राष्ट्रवाद विरोधी मानसिकता के चलते उत्तराखंड में भी कांग्रेस का जनाधार लगातार खिसक रहा है। यही कारण है कि राज्य में कांग्रेस की भारत जोड़ों यात्रा भीड़ जुटाने में विफल साबित हो रही है।
वीर सावरकर पर राहुल गांधी की टिप्पणी अपमानजनक: भगत













