पहाड़ भारत

खबर पहाड़ की

मनुष्य अपनी सोच को श्रेष्ठ बनाकर जीवन में हर तरह की परिस्थिति का सामना कर सकता है: बीके शिवानी

देहरादून। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की प्रमुख वक्ता राजयोगिनी शिवानी ने कहा कि मनुष्य अपनी सोच को श्रेष्ठ बनाकर जीवन में हर तरह की परिस्थिति का सामना कर सकता है। वह शनिवार को देहरादून सेवा केंद्र की ओर से रेसकोर्स बन्नू स्कूल में आयोजित कार्यकम में बोल रहीं थीं। उन्हें सुनने के लिए बड़ी संख्या में अनुयायी पहुंचे थे।
रेसकोर्स बन्नू स्कूल में ब्रह्मकुमारी राजयोग ट्रस्ट ने जीवन की चुनौतियों का समाधान विषय की विवेचना कार्यक्रम का आयोजन किया। उद्घाटन राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी मंजू, राजयोगिनी मीना, कैंट विधायक सविता कपूर, एफआरआई निदेशक डॉ. रेनू सिंह, निवर्तमान मेयर सुनील उनियाल गामा, इंदर सिंह, सार्थक वोहरा ने दीप प्रज्जवलन कर किया। राजयोगिनी शिवानी ने करीब ढाई घंटे तक अपना सम्बोधन सरल व मधुर वाणी में किया। इस दौरान सभा में अनूठी शांति व्याप्त रही। उन्होंने कहा कि जीवन में आने वाली परिस्थितियों का सामना हम अपनी सोच को श्रेष्ठ बनाकर कर सकते हैं। परिस्थितियां एक अंधेरे के समान हैं उस अंधेरे को दूर कोई दीया नही करेगा, वो दीया हमे खुद को बनाना होगा। हमें लेने वाला नहीं देने वाला बनना होगा। तभी हम देव संस्कृति को प्रत्यक्ष कर सकेंगे। उन्होंने आगे कहा कि संकल्प से सृष्टि बनती है, सृष्टि से संकल्प नहीं, इसलिए हमें पहले अपने अंदर स्वर्ग लाना है, फिर अपने घर में, फिर समाज में, ऐसा करते करते पूरा संसार ही स्वर्ग बन जायेगा।