Advertisement

पचास रूपये की घूस मांगने पर आरक्षी निलंबित

बलिया (आरएनएस)। उत्तर प्रदेश में बलिया जिले के शिवपुर दियर चौकी पर तैनात एक आरक्षी को 50 रूपये की रिश्वत मांगने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि शिवपुर दियर पुलिस चौकी पर तैनात आरक्षी आयुष सिंह का घूस मांगने का एक वीडियो रविवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था जिसमें वह बिहार सीमा पर जनेश्वर मिश्र सेतु से सामान लदे भारी वाहनों की आवाजाही के लिए पचास रुपए की घूस मांग रहा है।
इस दौरान एक वाहन चालक एडवांस में पचास रुपया जमा करने की बात कह रहा है तो आरक्षी भडक़ जाता है तथा अपशब्द बोलने लगता है। इसके बाद वाहन चालक पचास रुपए के स्थान पर तीस रुपए दे रहा है तो आरक्षी अपशब्द बोल रहा है तथा चौकी इंचार्ज से मिलने की बात कह रहा है।
मामले में कार्यवाहीं करते हुए पुलिस अधीक्षक राज करन नैय्यर ने रविवार की शाम आरक्षी आयुष सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। शहर कोतवाली के प्रभारी राजीव सिंह ने निलम्बन की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस उपाधीक्षक शहर को मामले का जांच अधिकारी बनाया गया है। उन्होंने बताया कि सार्वजनिक हुआ वीडियो कई दिन पहले का है।