पहाड़ भारत

खबर पहाड़ की

मायापुर की वाल्मीकि बस्ती में घर पर फायरिंग, युवती को लगी गोली

हरिद्वार। मायापुर की वाल्मीकि बस्ती में शुक्रवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब कुछ युवकों ने एक घर में घुसकर गोली चला दी। फायरिंग में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही युवती केशर गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हमलावर उसके साथ रह रहे अंश नाम के युवक को निशाना बनाने पहुंचे थे। इसी दौरान केशर बीच में आ गई और गोली उसे लग गई।
घटना के बाद घायल युवती को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया। फिलहाल उसका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार केशर हरिद्वार के खन्नानगर स्थित एक जिम में रिसेप्शनिस्ट के तौर पर काम करती है। वह मायापुर की वाल्मीकि बस्ती में अंश के साथ रह रही थी। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि अंश के खिलाफ पहले से कुछ मुकदमे दर्ज हैं। हालांकि, इन पुराने मामलों का शुक्रवार रात हुई फायरिंग से कोई संबंध है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार रात कुछ युवक अंश को निशाना बनाने के इरादे से उसके घर पहुंचे थे। आरोप है कि हमलावरों ने वहां अंश पर गोली चलाई। इसी दौरान केशर बीच में आ गई और गोली लगने से घायल हो गई। फायरिंग के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। गोली चलने की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही हमलावरों की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अंश को निशाना बनाने के पीछे क्या वजह थी। उसके खिलाफ दर्ज पुराने मुकदमों और वर्तमान घटना के बीच किसी संभावित कड़ी की भी जांच की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ संदिग्धों की तलाश कर रही है। नगर कोतवाली के शहर कोतवाल कुंदन सिंह राणा ने बताया कि गोली लगने से युवती घायल हुई है और उसका एम्स ऋषिकेश में उपचार चल रहा है। पुलिस घटना की जांच कर रही है और हमलावरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *