Advertisement

ऊखीमठ बाजार में माकपा का प्रदर्शन

रुद्रप्रयाग। प्रदेश में बिजली बिलों में लगातार हो रही वृद्धि के विरोध में भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) कार्यकर्ताओं ने जुलूस प्रदर्शन कर विरोध जताया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने तहसील परिसर में धरना देकर विद्युत बिलों में की गई वृद्धि को वापस लेने की मांग की। गुरुवार को प्रदेश में प्रस्तावित बिजली वृद्धि के प्रस्ताव को लेकर माकपा के कार्यकर्ता पार्टी के पूर्व जिला मंत्री राजाराम सेमवाल एवं जिला मंत्री वीरेन्द्र गोस्वामी के नेतृत्व में ऊखीमठ बाजार में एकत्रित हुए। जिसके बाद विद्युत बिलों में लगातार बढ़ोतरी को लेकर बाजार से तहसील ऊखीमठ तक जोरदार रैली निकाल कर प्रदर्शन किया। इसके बाद तहसील ऊखीमठ में धरना दिया गया। इस अवसर पर पूर्व जिला मंत्री राजाराम सेमवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार प्राइवेट कम्पनियों के दबाव में लगातार चौथी बार विद्युत बिलों में वृद्धि का प्रस्ताव तैयार कर दिया है। जिससे आम जनता का कमरतोड महंगाई की मार झेलनी पड़ रही है। प्रदेश सरकार ने बिजली का निजीकरण करने के उद्देश्य से विद्युत नियामक बोर्ड को खत्म करने का प्रयास किया जा रहा है। जिससे प्राइवेट कंपनी प्रदेश की जनता को खुले आम लूट रही है। इसलिए हमारी पार्टी से जन विरोधी एवं कमरतोड महंगाई के खिलाफ पूरे प्रदेश की जनता को लामबंद किया जाएगा। अंत में एसडीएम के माध्यम से एक सूतीय मांग पत्र मुख्यमंन्त्री को भेजा गया। इस अवसर पर दौलत सिंह, अषाढ सिंह, विक्रम लाल, राजेन्द्र रावत, जसपाल लाल, गजपाल लाल, बसंत लाल, दयाल सिंह, गोविंद लाल, प्रेम सिंह, शिशुपाल सिंह, शुभम समेत कई कार्यकर्ता मौजूद थे।