पहाड़ भारत

खबर पहाड़ की

गंगोत्री हाईवे पर वाहन दुर्घटनाग्रस्त, एक की मौत, तीन घायल

उत्तरकाशी। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुक्की टॉप के पास एक यूटिलिटी वाहन बुधवार सुबह दुर्घटनाग्रस्त हो गया। दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि तीन लोग घायल हुए है। वाहन में चालक सहित कुल चार लोग सवार थे। हर्षिल थाना पुलिस ने बताया कि बुधवार सुबह यूटिलिटी वाहन गंगोत्री से नीचे की ओर आ रहा था। सुबह 10 बजे के आसपास वाहन सुक्की टॉप के पास अचानक दुर्घटनाग्रस्त होकर करीब 50 मीटर खाई में जा गिरा। हादसे में गम्भीर घायल 55 वर्षीय विजय पाल सिंह मराठा निवासी किशनपुर उत्तरकाशी ने दम तोड़ दिया। वाहन में सवार 17 वर्षीय आयुष सेमवाल पुत्र सुरेश सेमवाल, निवासी मुखबा, 26 वर्षीय सुरेश पुत्र विक्रम सिंह राणा निवासी बयाणा, मनेरी उत्तरकाशी और 40 वर्षीय रतन गिरी पुत्र मोहन गिरी निवासी बयाणा, मनेरी उत्तरकाशी सामान्य रूप से घायल हैं। हादसे की सूचना पर थानाध्यक्ष हर्षिल उमेश नेगी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर जाकर घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।