Advertisement

विधायक पुंडीर ने किया भूड़पुर में दो संपर्क मार्गों के सुधारीकरण कार्य का शुभारंभ

विकासनगर। सहसपुर के भूड़पुर में संपर्क मार्गों के सुधारीकरण कार्य का विधायक सहदेव पुंडीर ने मंगलवार विधिवत शुभारंभ किया। भूमि पूजन के साथ यहां सड़क की मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है। विधायक ने बताया कि प्रथम चरण में दो संपर्क मार्गों का सुधारीकरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भूड़पुर के सभी संपर्क मार्गों के सुधारीकरण का प्रस्ताव मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण को भेजा गया है। इसमें से 13.10 लाख की लागत से दो संपर्क मार्गों का सुधारीकरण किया जा रहा है। इन मार्गों के बनने से करीब आठ सौ की आबादी को बेहतर यातायात की सुविधा मिलेगी। कहा कि बेहतर यातायात की सुविधा मुहैया कराना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता में शुमार है। इसके लिए मुख्यमंत्री की ओर से गड्ढा मुक्त सड़क अभियान शुरु किया गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के छह वर्षों के कार्यकाल में प्रदेश में अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं। वर्ष 2025 तक उत्तराखंड को पूरे देश में सबसे विकसित प्रदेश की श्रेणी में लाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। इसके लिए केंद्र सरकार से भी पूरा सहयोग मिल रहा है। विधायक ने आम लोगों को सार्वजनिक संपत्तियों के रखरखाव का ध्यान देने की सलाह दी। इस दौरान ग्राम प्रधान कोमल देवी, नीतू सिंह, सुरेश उनियाल, दुनीचंद राणा आदि मौजूद रहे।