देहरादून। शहर कांग्रेस ने शहीद भगत सिंह चौक पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि एसआईआर के तहत वोट चोरी करते हुए करोड़ों वोट काटे जा रहे हैं। इस दौरान राष्ट्रपति को एसडीएम के माध्यम से ज्ञापन देकर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई और इस्तीफे की मांग की गई।बुधवार को बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शहीद भगत सिंह चौक पर एकत्र हुए और केंद्रीय चुनाव आयुक्त का पुतला दहन किया। पछवादून कांग्रेस जिलाध्यक्ष संजय किशोर ने कहा कि राहुल गांधी ने पूर्व में वोट चोरी पर सवाल उठाया था, जो सच साबित हो रहा है।लोकतंत्र में आम आदमी के पास सबसे बड़ा अधिकार वोट है, उसी से लोकतंत्र सुरक्षित रहता है, जिसे छीनने का कार्य चुनाव आयोग कर रहा है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित गुप्ता ने कहा कि जब तक चुनाव आयुक्त का इस्तीफा और कड़ी कार्रवाई नहीं होती, कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी और पूरे देश में जनता को लामबंद करेगी। पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला ने कहा कि जिस तरह से एसआईआर का दुरुपयोग किया जा रहा है, 12 राज्यों में कार्रवाई कर 13 करोड़ लोगों के वोट काट दिए गए हैं। इस मौके पर महिला कांग्रेस अध्यक्ष जसबीर कौर, पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला, जिलाध्यक्ष पछवादून संजय किशोर, शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित गुप्ता, उपेंद्र थापली, नागेंद्र उनियाल, सुशांत वोहरा. विजय लक्ष्मी कोहली, राजीव अग्रवाल, माधुरी टम्टा, महिमानंद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मसूरी में कांग्रेस ने ज्ञानेश कुमार के खिलाफ किया प्रदर्शन









Leave a Reply