हरिद्वार। गंगा बंदी के दौरान घाटों और आसपास के क्षेत्रों में जमा कूड़े को हटाने के लिए दूसरे दिन भी विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। नगर निगम और अकुम्स ड्रग्स एंड फार्मास्युटिकल्स लिमिटेड की टीमों ने मालवीय घाट और मायापुर हेड रेगुलेटर पर सफाई की। नगर निगम ने करीब आठ टन और अकुम्स कंपनी ने 60 कुंतल कूड़ा एकत्र किया। इसके अलावा रोडवेज परिसर और भगवानपुर के लोकेश्वरी औद्योगिक क्षेत्र में भी सफाई अभियान चलाया गया। मुख्यमंत्री के निर्देश पर मेलाधिकारी सोनिका और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत नगर निगम की टीम ने डाम कोठी के पास मायापुर हेड रेगुलेटर पर सफाई की।यहां जमा कूड़ा-कचरा हटाकर करीब आठ टन कचरा एकत्र किया गया। इसे नगर निगम के प्लांट तक पहुंचाया गया, जहां निस्तारण की व्यवस्था की गई। वहीं, अकुम्स ड्रग्स एंड फार्मास्युटिकल्स लिमिटेड की टीम ने मालवीय घाट पर सफाई अभियान चलाया। कंपनी के महाप्रबंधक केडी शर्मा के अनुसार, 35 श्रमिकों और कर्मचारियों ने अभियान में हिस्सा लिया। टीम ने करीब 60 कुंतल कूड़ा एकत्र कर निस्तारण के लिए भेजा। नगर आयुक्त नंदन कुमार ने संबंधित अधिकारियों और सफाई टीमों को गंगा बंदी के दौरान घाटों, रेगुलेटरों और आसपास के क्षेत्रों में नियमित सफाई के निर्देश दिए। उन्होंने कूड़े का समय पर संग्रहण और उचित निस्तारण सुनिश्चित करने के साथ सफाई व्यवस्था की निगरानी करने को कहा। परिवहन निगम की ओर से रोडवेज परिसर में सफाई अभियान चलाया गया। एआरएम विशाल चंद्र ने इसकी जानकारी दी। वहीं, भगवानपुर के लोकेश्वरी औद्योगिक क्षेत्र में चलाए गए अभियान में करीब एक कुंतल सूखा और गीला कूड़ा एकत्र किया गया। जिला प्रशासन ने विभागों और संस्थानों से सफाई अभियान में लगातार सहयोग करने की अपील की है।












Leave a Reply