हरिद्वार। कुंभ मेला 2027 की तैयारियों के बीच तीर्थनगरी को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए प्रशासन ने विशेष अभियान शुरू किया है। बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र के नेतृत्व में हरकी पैड़ी से अभियान की शुरुआत हुई। सात नवंबर तक चलने वाले इस अभियान के तहत शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में गंगा घाटों, सार्वजनिक स्थलों और आसपास के इलाकों की सफाई की जाएगी। पहले दिन अभियान के दौरान करीब दो क्विंटल सूखा और गीला कूड़ा एकत्र किया गया। अभियान में श्रीगंगा सभा, नगर निगम और विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। अभियान का उद्देश्य आगामी कुंभ मेले में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के साथ ही स्थानीय लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है।मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने कहा कि हरिद्वार विश्व प्रसिद्ध धार्मिक नगरी है, जहां हर साल करोड़ों श्रद्धालु मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाने पहुंचते हैं। गंगा की पवित्रता बनाए रखने और धार्मिक व सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने के लिए सभी को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने लोगों से अभियान में भागीदारी कर इसे सफल बनाने की अपील की। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने स्वयंसेवी संस्थाओं, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, सामाजिक संगठनों, संत समाज, जनप्रतिनिधियों, औद्योगिक इकाइयों और आमजन से अभियान में सहयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही हरिद्वार को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाया जा सकता है। अभियान के तहत सात नवंबर तक जनपद के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई गतिविधियां संचालित की जाएंगी।दर्जाधारी और एवं श्रीगंगा सभा के अध्यक्ष नितिन गौतम ने कहा कि तीर्थनगरी की स्वच्छता और पवित्रता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। कुंभ मेले के दृष्टिगत धार्मिक संस्थानों, व्यापारियों और सामाजिक संगठनों को भी सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए। वहीं, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पवन कार्की ने लोगों से नगर निगम की स्वच्छता मुहिम में सहयोग करने की अपील की। अभियान के शुभारंभ पर श्रीगंगा सभा के वीरेंद्र कौशिक, अनुराग सरदार, हिमांशु, अनुराग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, नगर निगम के पर्यावरण मित्र और स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।













Leave a Reply