Advertisement

टूटी सड़कों के विरोध में व्यापारी और सामाजिक संगठन सड़क पर उतरे

हरिद्वार। उत्तरी हरिद्वार की बदहाल सड़कों और गहरे गड्ढों के विरोध में व्यापारियों और सामाजिक संगठनों ने प्रदर्शन किया। महानगर व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सुनील सेठी के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने सड़कों की जल्द मरम्मत कराने की मांग उठाई। उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द सड़कें ठीक नहीं हुईं तो आंदोलन तेज किया जाएगा। साथ ही सीवर कार्यदायी संस्था, लोक निर्माण विभाग और एनएचएआई के जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। सुनील सेठी के नेतृत्व में जुटे व्यापारियों और क्षेत्रवासियों ने कहा कि सीवर कार्यदायी संस्था, लोक निर्माण विभाग और एनएचएआई की लापरवाही से सड़कें बदहाल हैं। आरोप है कि गड्ढों के कारण रोजाना दुर्घटनाएं हो रही हैं।गुरुवार रात उत्तरी हरिद्वार में सीवर कार्यदायी संस्था की लापरवाही के चलते एक युवक के दुर्घटना में घायल होने का मामला भी सामने आया। सेठी ने जिलाधिकारी से जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग की।उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर सड़कें इतनी खराब हैं कि पैदल चलने वालों से लेकर दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों तक को परेशानी उठानी पड़ रही है। स्कूल बसों के गड्ढों में धंसने का खतरा बना रहता है और वाहनों के टायर फटने व खराब होने की शिकायतें भी मिल रही हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री को भी शिकायत भेजकर हरिद्वार की सड़कों की स्थिति का संज्ञान लेने की मांग की। पहाड़ी महासभा के अध्यक्ष तरुण व्यास, महंत शुभम गिरी, गायत्री व्यापार मंडल अध्यक्ष भागीरथ प्रजापति और संगठन महामंत्री हरिमोहन भारद्वाज ने कहा कि बिना उचित योजना और सूचना के सड़कें खोदने से लोगों को बिजली-पानी जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। पहले से टूटी सड़कों की मरम्मत किए बिना बार-बार खुदाई किए जाने से परेशानी बढ़ रही है। उन्होंने संबंधित विभागों से काम में समन्वय रखने और खोदी गई सड़कों को तत्काल ठीक कराने की मांग की। प्रदर्शन में लालजी यादव, सतनाम सिंह, गोकुल डबराल, देवेंद्र गोयल, मेघराज, धर्मेंद्र बब्बर, श्रीनिवास गोयल, सन्नी अरोड़ा, श्रेय शास्त्री, विकास गुप्ता, सावन कुमार, राजेश पांडे, सुशील कुमार, हरीश अरोड़ा, ओमप्रकाश भट्ट, गौरव खन्ना, पावन पांडे सहित व्यापारी और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *