पहाड़ भारत

खबर पहाड़ की

नाराज कांग्रेसियों ने किया प्रदेश सरकार का पुतला दहन

बागेश्वर। द्वाराहाट के विधायक महेश नेगी प्रकरण को लेकर कांग्रसियों में उबाल है। उन्होंने प्रदेश सरकार पर विधायक की डीएनए जांच को दबाव डालकर रूकवाने का आरोप लगाया। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने त्रिवेंद्र सरकार का पुतला दहन किया। जल्द मामले की निष्पक्ष जांच करवाने और महिला को न्याय दिलाने की मांग की। जिला कांग्रेस कमेटी ने एसबीआई तिराहे पर प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि महिला ने विधायक पर दुष्कर्म के गंभीर आरोप लगाए हैं। जिससे देवभूमि की राजनीति भी कलंकित हो गई है। उन्होंने कहा कि सबकुछ जानते हुए भी सरकार मामले को लटकाने में तुली है। महिला की विधायक के डीएनए की जांच की मांग को सरकारी दबाव में टाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा बुलंद करने वाली सरकार अब एक बेटी के न्याय मांगने पर आरोपी विधायक को बचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मामले की निष्पक्ष जांच के लिए विधायक का डीएनए टेस्ट करवाने को कहा। ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो सके। उन्होंने जल्द महिला को न्याय नहीं मिलने पर आंदोलन करने की भी चेतावनी दी। इस मौके पर जिलाध्यक्ष लोकमणि पाठक, पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, पूर्व जिपं अध्यक्ष हरीश ऐठानी, प्रदेश महामंत्री बालकृष्ण, महिला जिलाध्यक्ष गीता रावल, नगर अध्यक्ष धीरज कोरंगा, राजेंद्र सिंह टंगडिय़ा, कवि जोशी, धीरज कुमार, भीम कुमार, बसंत कुमार, ईश्वर पांडेय, भगवत रावल, अंकुर उपाध्याय सहित तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *