Advertisement

एटीएम कार्ड बदलकर 1.10 लाख निकाले

हरिद्वार। एटीएम से नकदी निकालने पहुंचे युवक का कार्ड बदलकर उसके खाते से 1.10 लाख की रकम उड़ा ली गई। पीड़ित ने इस संबंध में कोतवाली रानीपुर में दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस को दी गई शिकायत में लल्लन सिंह यादव, निवासी रामधाम कालोनी शिवालिक नगर ने बताया कि वह 8 जनवरी को औद्योगिक क्षेत्र बहादराबाद में पीएनबी बैंक के एटीएम में पैसे निकालने गया था। इसी दौरान उसे वहां दो युवक मिले, जिन्हें उसने सुरक्षाकर्मी समझ लिया। आरोप है कि युवकों ने उसे बातों में उलझाकर मदद के बहाने उसका एटीएम कार्ड बदल दिया। जिसके बाद एटीएम मशीन खराब होने की बात कहकर उसे वापस भेज दिया। आरोप है कि कुछ देर बाद उसके मोबाइल फोन पर 1.10 लाख की रकम निकालने का मैसज आया। कोतवाली प्रभारी नरेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक कर रहे हैं। इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।