Advertisement

आर्थिक तंगी ने ली जान! नासिक में एक ही परिवार के 3 लोगों ने की आत्महत्या

नासिक (आरएनएस)। महाराष्ट्र से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां के नासिक में एक घर में एक ही परिवार के तीन लोगों ने मौत को गले लगा लिया है। पिता और दो बेटों ने अलग-अलग कमरों में फांसी लगाकर सुसाइड किया है। घटना रविवार के दिन की बताई जा रही। घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है। इलाके के लोग खबर सुनकर काफी हैरान हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार परिवार के तीन लोगों ने आर्थिक तंगी के कारण आत्महत्या की है। मृतकों की पहचान दीपक शिरोडे (पिता, उम्र 55 वर्ष), प्रसाद शिरोडे (बड़ा बेटा, उम्र 25 वर्ष), राकेश शिरोडे (छोटा बेटा, उम्र 23 वर्ष) के रूप में हुई है। दीपक शिरोडे की अशोक नगर इलाके में फल की एक दुकान थी। घटना के वक्त पत्नी और सबसे छोटा बेटा मंदिर गए थे। घर लौटने पर उन्होंने तीनों को फंदे से लटका पाया।
दीपक शिरोडे के परिवार की आर्थिक स्थिति काफी खबराब थी। उन्होंने कर्ज भी ले रखा था। पुलिस को शव के पास से एक सुसाइड नोट मिला है। इसमें बताया गया है कि उन्होंने आर्थिक तंगी के कारण यह कदम उठाया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। सतपुर थाना के पुलिस अधिकारी सतीश घोटेकर ने कहा है कि पुलिस इस संबंध में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया में है।
मृतक द्वारा छोड़े गए सुसाइड नोट में कहा गया है कि वे एक साहूकार के उत्पीडऩ से बचने के लिए यह कदम उठा रहे हैं। साहूकार से उन्होंने पैसे उधार लिए थे। 29 जनवरी की दोपहर 12 बजे जब दीपक शिरोडे की पत्नी मंदिर से वापस लौटी और दरवाजा खटखटाया तो किसी ने दरवाजा नहीं खोला। इसके बाद उन्होंने आस-पड़ोस से मदद मांगी। दरवाजा तोडक़र जब लोग घर के अंदर गए तो वहां तीनों को फांसी के फंदे पर लटका पाया।