Advertisement

अल्मोड़ा पुलिस ने एसएसजे विवि में चलाया जनजागरुकता अभियान

अल्मोड़ा(आरएनएस)। अल्मोड़ा पुलिस की महिला निरीक्षक ने एसएसजे विश्वविद्यालय के शिक्षा संकाय में जागरुकता का अध्याय पढ़ाया और 01 जुलाई से लागू होने वाले भारत के तीन नए कानूनों के बारे में जानकारी दी। निरीक्षक बसन्ती आर्य प्रभारी सीसीटीएनएस अल्मोड़ा ने एसएसजे विश्वविद्यालय अल्मोड़ा के शिक्षा संकाय में उपस्थित प्रोफेसर व बीएड एवं एमएड प्रशिक्षुओं को विभिन्न विषयों के सम्बन्ध में जागरूक किया गया। उन्होंने भारत सरकार द्वारा चलाए जा रहे नशा मुक्त भारत अभियान के बारे में उपस्थित जनों को जानकारी देकर नशे के दुष्परिणामों से आगाह किया। 01 जुलाई से लागू होने वाले भारत सरकार द्वारा अधिनियमित तीन नए कानूनों भारतीय न्याय संहिता 2023, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम 2023 के सम्बन्ध में भी विस्तृत जानकारी देकर जागरूक किया गया। साइबर अपराध जागरूकता के तहत साइबर क्राइम के प्रति जागरूक करते हुए फोन कॉल पर किसी भी व्यक्ति को अपने बैंक खाता, एटीएम कार्ड, ओटीपी आदि की जानकारी नहीं देने और किसी अनजान लिंक व क्यूआर कोड को स्कैन न करने के बारे में बताते हुए सुरक्षा के अन्य तरीके बताए गए तथा इस जानकारी को अन्य लोगों तक पहुंचाकर उनको जागरूक करने हेतु प्रेरित किया गया। इस दौरान महिलाओं/बाल अपराधों से सम्बन्धित अपराध, यौन उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, मानव तस्करी आदि के बारे में बताकर उनके अधिकारों/कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई तथा सोशल मीडिया के प्रयोग के सम्बन्ध में जागरूक करते हुए किसी भी अनजान व्यक्ति से बात नहीं करने और अपनी निजी जानकारी किसी से शेयर नहीं करने हेतु बताया गया। महिलाओं को गौरा शक्ति मॉड्यूल और हेल्पलाइन नंबर के बारे भी बताया।