देहरादून। भाजपा ने कांग्रेस की ओर से चुनाव आयोग से की गई शिकायत को हार का डर बताया है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी ने गुरुवार को तंज करते हुए कहा कि चुनाव से पहले मशीनरी का दुरुपयोग और चुनाव बाद ईवीएम गड़बड़ी के झूठे आरोपों से जनता वाकिफ है। लिहाजा उनका मत केदारघाटी में विकास के पक्ष में एकतरफा पड़ना निश्चित है। जोशी ने कहा कि कांग्रेस ने झूठ, भ्रम और बेबुनियाद आरोपों को अपनी रणनीति का अहम हिस्सा बना लिया है। यही वजह है कि इनके विचारहीन एवं मुद्दाविहीन नेता विकास कार्यों को अवरुद्ध करने एवं प्रदेश की छवि बिगड़ने के प्रयास में जुटे रहते हैं। चुनाव आयोग से सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग के आरोप भी उनकी इसी रणनीति का हिस्सा है। झूठ, अफवाह और षडयंत्रों में असफल होने के बाद उनको अब केदारनाथ विधानसभा में जमीनी हकीकत का अंदाजा हो गया है। सामने हार निश्चित दिखाई देने के कारण वह पूरी तरह बौखलाए हुए हैं। यही वजह है कि एक बार फिर सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग के झूठे आरोपों के साथ वे चुनाव आयोग के पास गए हैं। उन्होंने कटाक्ष किया कि चुनाव हारने पर ये लोग ईवीएम पर भी निशाना साधेंगे। लेकिन जनता इनके ऐसे तौर तरीकों को अच्छी तरह वाकिफ है और और उन्हें इन चुनावों में भी करारा सबक सिखाने वाली है।
हार की डर से चुनाव आयोग में शिकायत कर रही कांग्रेस : जोशी









