Advertisement

इथेनॉल फैक्ट्री के खिलाफ देवरिया के वार्ड वासियों ने किया प्रदर्शन

रुद्रपुर। देवारिया के वार्ड एक और दो के निवासियों ने किशनपुर स्थित श्रीशीतला वेंचर लिमिटेड (इथेनॉल फैक्ट्री) के खिलाफ मंगलवार को प्रदर्शन किया। वार्डवासियों ने आरोप लगाया कि फैक्ट्री से निकलने वाले धुएं, राख, भूरे कणों, दूषित पानी और तेज शोर से पर्यावरण और जनस्वास्थ्य पर दुष्प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने उप जिलाधिकारी गौरव पांडे को ज्ञापन देकर निष्पक्ष जांच की मांग की। मंगलवार को बड़ी संख्या में वार्डवासियों ने उपजिलाधिकारी पहुंच कर प्रदर्शन किया। उन्होंने एसडीएम गौरव पांडे को ज्ञापन देकर आरोप लगाया कि इथेनॉल फैक्ट्री से आसपास के आवासीय क्षेत्रों में प्रदूषण की समस्या बढ़ रही है। फैक्ट्री से निकलने वाले धुएं और राख के कारण घर-आंगन, वाहनों, खेतों तथा आसपास के वातावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। लगातार उड़ने वाली राख और धूल से लोगों को परेशानी हो रही है। उन्होंने फैक्ट्री से दूषित जल निकालने का आरोप लगाते हुए आसपास की भूमि और जलस्रोतों के प्रभावित होने की आशंका जताई। वार्डवासियों ने फैक्ट्री की स्थापना, भूमि उपयोग, पर्यावरणीय स्वीकृतियों और संचालन से संबंधित सभी दस्तावेजों की जांच कराने की मांग की। उन्होंने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और संबंधित विभागों से फैक्ट्री के प्रदूषण की जांच कराने की मांग की। ज्ञापन देने वालों में प्रताप सिंह धानक, रणजीत सिंह नगरकोटी, चंदन पांडे, त्रिलोक सिंह नेगी, खेम सिंह बिष्ट, कुंदन सिंह नेगी, मदन सिंह नेगी, केशव तिवारी, हंसी बिष्ट, सरस्वती बिष्ट, मंजू बिष्ट, गीता नेगी, विमला नेगी, अर्चना नेगी, पिंकी नेगी, ज्योति नेगी, मीना नेगी, कमला पाठक, खष्टी देवी, नेहा डसीला, रमा नेगी, मुन्नी बिष्ट, हेमा पांडेय आदि रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *