पहाड़ भारत

खबर पहाड़ की

देह व्यापार कराने के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

पुलिस और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट की संयुक्त टीम ने विकासनगर हरबर्टपुर-पांवटा रोड पर एक ढाबे के पास से देह व्यापार कराने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने दो महिलाओं को मुक्त कराया है। आरोपी महिलाओं को सहारनपुर से सेलाकुई की कंपनियों में नौकरी का झांसा देकर लाए थे। जिसके बाद आरोपी महिलाओं का शारीरिक शोषण करने के साथ ही उनको देह व्यापार के लिए मजबूर कर रहे थे। आरोपी महिलाओं को देह व्यापार के लिए हिमाचल प्रदेश ले जा रहे थे। पुलिस ने तभी आरोपियों को गिरफ्तार कर दिया है।पुलिस ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर टीम ने आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी टेक सिंह उर्फ सोनू पुत्र सुरेंद्र सिंह कुशवाह निवासी डी ब्लॉक गली नंबर तीन 198 सदर डेयरी पश्चिमी दिल्ली और सूरज सिंह पुत्र विक्रम सिंह निवासी निकट पाइन वुड सिटी दिल्ली रोड सहारनपुर थाना कोतवाली देहात सहारनपुर यूपी के चुंगुल से दो महिलाओं को मुक्त कराया। कोतवाल राजीव रौथाण ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि दोनों आरोपी दोनों महिलाओं को दो सितंबर को सेलाकुई की कंपनियों में नौकरी लगाने के बहाने लाए थे। जहां आरोपियों ने महिलाओं को रात को अपने कमरे में रखा। उसके बाद आरोपी महिलाओं को देह व्यापार के लिए हिमाचल प्रदेश ले जा रहे थे। महिलाओं की गरीबी का फायदा उठाकर उनसे देह व्यापार का धंधा करवा रहे थे। आरोपियों के पास से पुलिस ने आपत्तिजनक सामग्री और कुछ दवाइयां बरामद की हैं। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *