Advertisement

धनतेरस और छोटी दीपावली एक ही दिन

विकासनगर । इस बार धनतेरस और छोटी दीपावली एक ही दिन मनाई जाएगी। मार्तंड ज्योतिष अनुसंधान केंद्र विकासनगर के आचार्य पं. सुनील पैन्यूली ने बताया कि धनतेरस (धन त्रयोदशी) पर्व शुक्रवार को सूर्योदय से शाम छह बजे तक मनाया जाएगा। इस समय में खरीददारी करना शुभ रहेगा।
आचार्य पैन्यूली ने बताया कि धनतेरस पर पीतल के बर्तन खरीदना शुभ माना जाता है। तेल और लकड़ी पंच पर्व से पहले खरीदना शुभ होता है। जबकि धनतेरस के पर्व पर एल्युमिनियम के बर्तन और अन्य सामान खरीदना अशुभ होता है। इसका कारण यह है कि एल्युमिनियम में राहु का वास होता है। इसके साथ ही काले रंग की वस्तुएं, नुकीला सामान, शीशे का सामान भी नहीं खरीदना चाहिए। बताया कि चांदी चंद्र और तांबा मंगल का कारक है। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार दोनों ग्रहों का योग लक्ष्मी योग बनाता है। लिहाजा धनतेरस के दिन सामर्थ्य के अनुसार चांदी और तांबे से बनी मूर्तियां, बर्तन और अन्य वस्तुएं खरीदकर उनका उपयोग करने से लक्ष्मी की कृपा बनी रहती है। बताया कि धनतेरस के दिन अकाल मृत्य से बचने के लिए घर के मुख्य द्वार पर तेल का दीपक जलाया जाता है, दीपक का मुहं दक्षिण दिशा की ओर होना चाहिए। बताया कि धनतेरस के दिन ही समुद्र मंथन से धन्वंतरी अमृत कलश लेकर प्रकट हुए थे, जिसके चलते इस दिन धन्वंतरी जयंती भी मनाई जाती है।