Advertisement

एनआईटी श्रीनगर कैंपस को मिली स्थाई कैंपस की स्वीकृति: प्रो. अवस्थी

श्रीनगर गढ़वाल। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) उत्तराखंड श्रीनगर की बीओजी (बोर्ड ऑफ गर्वनेंस) की बैठक में संस्थान के श्रीनगर कैंपस को स्थाई कैंपस की स्वीकृति मिल गई है। इसके साथ ही भविष्य में एनआईटी के दो कैंपस सुमाड़ी व श्रीनगर वजूद में आ जाएंगे। सुमाड़ी में 68 एकड़ भूमि पर स्थाई कैंपस का निर्माण होना प्रस्तावित है। जिसमें प्रथम चरण में 1260 छात्र-छात्राओं के लिए हॉस्टल, डिपार्टमेंट, प्लेग्राउंड का निर्माण किया जाएगा। एनआईटी के निदेशक प्रो. ललित कुमार अवस्थी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि एनआईटी के सुमाड़ी कैंपस के लिए टेंडर हो गया है। इसका तकनीकी मूल्यांकन का कार्य चल रहा है। इसकी फाइनेंसियल बिट जल्द खुलेगी। जिसके बाद कंस्ट्रक्शन का कार्य शुरू हो जाएगा। उन्होंने कहा कि श्रीनगर कैंपस एप्रोचेबल है। इसे छात्रावास, स्टार्टअप इको सिस्टम व ट्रेनिंग प्लेसमेंट के तौर पर विकासित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि एनआईटी उत्तराखंड में कुलसचिव का पद रिक्त हैं। साथ ही 32 नॉन टीचिंग व 16 पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा दो माह के 48 पदों पर नियुक्तियां हो जाएंगी। कहा वर्तमान में इन पदों के लिए मांगे गए आवेदनों की स्क्रूटनी की जा रही है।