पहाड़ भारत

खबर पहाड़ की

स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची टीम का विरोध, बढ़ा विवाद

हरिद्वार। ऊर्जा निगम के स्मार्ट मीटर का बुधवार को सब्जी मंडी परिसर और शिवलोक कॉलोनी में जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने विरोध किया। मौके पर ऊर्जा निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों को स्मार्ट मीटर लगाने से रोका गया। इस दौरान अधिकारियों और लोगों के बीच तीखी बहस और नोंकझोक हुई। वहीं ऊर्जा निगम सख्ती से स्मार्ट मीटर लगाने की तैयारी कर रहा है। पुलिस बल उपलब्ध कराने के लिए पत्र लिखा गया है। बुधवार को एसडीओ अजय कुमार के नेतृत्व में शिवलोक कॉलोनी और एसडीओ शिल्पी सैनी के नेतृत्व में सब्जी मंडी परिसर में ऊर्जा निगम की टीमें पुराने बिजली मीटर बदल कर नया स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची। इस दौरान सब्जी मंडी परिसर में एसडीओ शिल्पी और जेई अक्षय चौहान का व्यापारी मंडी यूनियन के पदाधिकारियों, सब्जी फल विक्रेताओं, कांग्रेसियो और जनप्रतिनिधियों ने विरोध किया। मौके पर एसडीओ और जेई के साथ लोगों की नोकझोंक हुई। बावजूद इसके अधिकारियों ने सख्ती से दो दुकानों पर स्मार्ट मीटर लगा दिया। व्यापारी मंडी यूनियन के अध्यक्ष इमरान अली मंसूरी और कांग्रेसी नेता वरुण बालियान ने बताया कि जबरन स्मार्ट मीटर लगाया जा रहा है। बताया कि स्मार्ट मीटर का विरोध जारी रहेगा। बताया कि पूर्व में जहां स्मार्ट मीटर लगाए गए है। वहां लोगों की समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है। स्मार्ट मीटर में कई खामियां है। वहीं शिवलोक कॉलोनी में पार्षद निशा नौडियाल और स्थानीय लोगों ने भी कॉलोनी के घरों में स्मार्ट मीटर लगाने का विरोध किया। मौके पर टीम को एक भी स्मार्ट मीटर नहीं लगाने दिया गया। पार्षद निशा नौडियाल ने बताया कि लोगों की मर्जी के बिना वार्ड में स्मार्ट मीटर नहीं लगाने दिया जाएगा। स्थानीय लोग स्मार्ट मीटर नहीं लगवाना चाहते है। लोगों की शिकायत है कि स्मार्ट मीटर में बिजली का बिल बढ़ता है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *