पहाड़ भारत

खबर पहाड़ की

युवा शक्ति विकसित भारत के संकल्प को करेगी साकार: रेखा आर्या

अल्मोड़ा। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर रविवार को सोमेश्वर में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या और उपस्थित युवाओं ने कारगिल सहित विभिन्न युद्धों में देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके शौर्य और त्याग को नमन किया। कार्यक्रम की शुरुआत स्वतंत्रता सेनानी हुकुम सिंह बोरा के स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद सभी प्रतिभागी जुलूस के रूप में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के सोमेश्वर स्थित आवास पहुंचे, जहां युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। युवा संवाद को संबोधित करते हुए रेखा आर्या ने कहा कि आज का भारत युवा भारत है और देश की सबसे बड़ी ताकत उसकी युवा शक्ति है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही पूरा होगा। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार युवाओं के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार अब तक 30 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं में रोजगार उपलब्ध करा चुकी है और आने वाले महीनों में यह संख्या और बढ़ेगी। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष पंकज भाकुनी, विधायक प्रतिनिधि भुवन जोशी, ज्येष्ठ प्रमुख ताकुला राजेंद्र कैड़ा सहित बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *