पहाड़ भारत

खबर पहाड़ की

कांग्रेस ने मलूकावाला में सुनी किसानो की बात

विकासनगर। ग्राम मलूकावाला में कांग्रेस ने रविवार को किसानों के साथ बैठक कर खेती-किसानी से जुड़ी समस्याएं सुनीं। बैठक में बढ़ती कृषि लागत, सिंचाई की दिक्कत, फसलों का उचित मूल्य नहीं मिलने और जंगली जानवरों से फसल नुकसान के मुद्दे प्रमुखता से उठे। किसान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष सरदार बलजीत सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार किसानों की समस्याओं के स्थायी समाधान के बजाय घोषणाओं तक सीमित है। उन्होंने कहा कि बीज, खाद, डीजल, कीटनाशक और मजदूरी की लागत बढ़ने से खेती का खर्च बढ़ा है, जबकि किसानों को उपज का अपेक्षित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। धान के 2441 रुपये प्रति क्विंटल एमएसपी को भी कांग्रेस ने बढ़ती उत्पादन लागत के मुकाबले अपर्याप्त बताया।सिंचाई व्यवस्था को लेकर उन्होंने कहा कि मैदानी क्षेत्रों में भी कई किसान पर्याप्त सिंचाई सुविधा से वंचित हैं। क्षतिग्रस्त नहरों की मरम्मत और सिंचाई व्यवस्था दुरुस्त करने की जरूरत है। नेताओं ने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में सिंचाई की कमी खेती और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को प्रभावित कर रही है। कांग्रेस नेताओं ने बंदर, जंगली सूअर समेत अन्य वन्यजीवों से फसल नुकसान का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि किसानों को प्रभावी फसल सुरक्षा और नुकसान की स्थिति में पर्याप्त सहायता नहीं मिल रही है। उन्होंने सरकार से सिंचाई, उचित बाजार, लागत के अनुरूप मूल्य, फसल सुरक्षा और समय पर सरकारी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। बैठक में किसानों ने स्थानीय स्तर की समस्याएं भी कांग्रेस नेताओं के सामने रखीं। पार्टी ने इन मुद्दों को संबंधित स्तर पर उठाने की बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *