हरिद्वार। कुंभ-2027 की तैयारियों के तहत गंगा घाटों के निर्माण कार्यों में तेजी लाई जा रही है। मंगलवार को अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने बहादराबाद और ज्वालापुर में निर्माणाधीन तीन घाटों का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति जांची। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा करने और गुणवत्ता से समझौता नहीं करने के निर्देश दिए। बहादराबाद में बैरियर संख्या छह के पास करीब 200 मीटर लंबे छठ पूजा घाट का निर्माण कराया जा रहा है। वहीं, ज्वालापुर में जटवाड़ा पुल के अपस्ट्रीम क्षेत्र में लगभग 300 मीटर और दुर्गा मंदिर के पास करीब 30 मीटर लंबे घाट का निर्माण कार्य चल रहा है। तीनों घाटों की कुल लंबाई करीब 530 मीटर होगी। इनके तैयार होने से स्थानीय लोगों के साथ ही धार्मिक आयोजनों में आने वाले श्रद्धालुओं को गंगा स्नान के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी। निरीक्षण के दौरान अपर मेलाधिकारी ने विशेष रूप से गंगनहर बंदी की अवधि का सदुपयोग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि घाटों के जलमग्न रहने वाले हिस्सों का निर्माण प्राथमिकता से पूरा किया जाए।निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी के साथ गुणवत्ता जांच के लिए थर्ड पार्टी निरीक्षण भी कराया जाए। घाटों का निर्माण इस तरह किया जाए कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक स्नान की व्यवस्था मिल सके। ज्वालापुर के स्थानीय निवासियों और मंदिर समिति के सदस्यों ने घाट निर्माण के लिए सरकार और मेला प्रशासन का आभार जताया। उन्होंने बताया कि यह लंबे समय से क्षेत्र की मांग थी। निरीक्षण के दौरान सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता अनुभव नौटियाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
कुंभ से पहले बहादराबाद और ज्वालापुर में बनेंगे 530 मीटर लंबे घाट









Leave a Reply