पहाड़ भारत

खबर पहाड़ की

ठेली व्यापारियों के समर्थन में कांग्रेसियों ने किया प्रदर्शन

विकासनगर। मुख्य बाजार में ठेली, रेहड़ी और फुटकर विक्रेताओं के उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए शहर कांग्रेस कमेटी ने तहसील मुख्यालय में प्रदर्शन किया। उत्पीड़न के विरोध में निवर्तमान सभासद शम्मी प्रकाश ने नगर पालिका कार्यालय के सामने अनिश्चितकालीन धरना देने की चेतावनी दी है। प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं का नेतृत्व कर रहे शहर कांग्रेस के अध्यक्ष कितेश जायसवाल ने कहा कि बाजार में ठेली, रेहड़ी नहीं लगाने देने के कारण कई परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट पैदा हो गया है। एक ओर प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार मुहैया कराने का दावा कर रही है, वहीं दूसरी ओर छोटे व्यापारियों से उनका रोजगार छीना जा रहा है। प्रदेश सचिव विकास शर्मा ने कहा कि डबल इंजन की सरकार छोटे व्यापारियों का उत्पीड़न कर रही है। पीसीसी सदस्य संजय जैन ने कहा कि विकासनगर बाजार में इस तरह की घटनाएं होती रहेंगी तो यहां आपसी भाईचारा समाप्त हो जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि पूंजीवादी सोच रखने वाली डबल इंजन सरकार मेहनतकश मजदूरों का उत्पीड़न कर रही है। पूर्व जिलाध्यक्ष संजय किशोर ने कहा कि प्रशासन की शह पर जिन लोगों ने फल, सब्जी की ठेलियां सड़क पर पलट कर व्यापारियों का नुकसान किया, उनके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। इसके साथ ही नुकसान की भरपाई भी जानी जरूरी है। कहा कि छोटे व्यापारियों का उत्पीड़न करने और साजिश के तहत बाजार का माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जानी जरूरी है। निवर्तमान सभासद ने ठेली व्यापारियों के समर्थन में मंगलवार से नगर पालिका कार्यालय में अनिश्चितकालीन धरना देने की चेतावनी दी है। प्रदर्शन करने वालों में कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष अभिनव ठाकुर, निवर्तमान जिला महासचिव राजीव शर्मा, आशीष पुंडीर, सुरेंद्र शर्मा, अनुपम कपिल, महबूब अली, माया राम, भुवन पंत, रवि प्रकाश, तनवीर आलम आदि शामिल रहे।