Advertisement

परिवहन विभाग करेगा दुर्घटना संभावित स्थलों का चिह्नीकरण

देहरादून। अल्मोड़ा में हुए बस हादसे के बाद परिवहन विभाग हरकत में आ गया है। विभाग देहरादून संभाग में पुलिस और पीडब्ल्यूड़ी के साथ मिलकर दुर्घटना संभावित स्थलों का चिह्नीकरण करेगा। इसकी रिपोर्ट 31 दिसंबर तक तैयार की जाएगी। इसके साथ ही ऐसे स्थानों पर सुरक्षा के काम किए जाएंगे। आरटीओ (प्रवर्तन) शैलेश तिवारी ने बताया कि संभाग के सभी अधिकारियों को दुर्घटना संभावित स्थलों के चिह्नीकरण करने के निर्देश दिए जा चुके हैं। इसमें पूर्व में चिह्नित स्थलों का पुर्नमूल्यांकन भी किया जाएगा। बताया कि चिह्नित स्थल का नाम, दूरी के साथ पूरा विवरण दिया जाएगा। इसके साथ ही सुरक्षा संबंधी सुझाव भी दिए जाएंगे। दुर्घटना संभावित स्थलों पर सड़क की चौड़ाई मानक से कम होना, संकरा और बॉटलनेक होना, भूस्खलन क्षेत्र, पोट होल, मोड पर, दस मीटर या इससे अधिक गहरी खाई पर पैराफिट या क्रश बैरियर या सुरक्षा उपाय न होना, रोड साइन न लगा होना आदि बिंदुओं पर रिपोर्ट दी जाएगी। बताया कि सभी अधिकारियों को 31 दिसंबर का तक रिपोर्ट देने को कहा गया है। संभाग की सभी सड़कों का सर्वेक्षण किया जाएगा।