Advertisement

उत्तराखंड के 206 मदरसों में शुक्रवार की छुट्टी पर रोक की तैयारी, शिक्षा विभाग ने दिए कार्रवाई के निर्देश

– मान्यता प्राप्त और मान्यता के लिए आवेदन करने वाले मदरसों पर लागू होंगे शैक्षिक नियम, नियमों की अनदेखी पर होगी कार्रवाई
देहरादून। उत्तराखंड में शिक्षा विभाग से मान्यता प्राप्त और मान्यता के लिए आवेदन करने वाले 206 मदरसों की साप्ताहिक अवकाश व्यवस्था में बदलाव की तैयारी है। अब इन मदरसों में शुक्रवार के बजाय अन्य विद्यालयों की तरह निर्धारित साप्ताहिक अवकाश व्यवस्था लागू किए जाने की बात कही गई है। राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण ने इस संबंध में शिक्षा विभाग को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. सुरजीत सिंह गांधी के अनुसार, कुछ मदरसे मान्यता मिलने के बाद भी शुक्रवार को साप्ताहिक अवकाश रख रहे थे। इस व्यवस्था को लेकर शिक्षा महानिदेशक को पत्र भेजा गया है। प्राधिकरण का कहना है कि शिक्षा विभाग से मान्यता प्राप्त मदरसों को निर्धारित शैक्षिक नियमों और मानकों का पालन करना होगा।
नियमों की अनदेखी पर होगी कार्रवाई: प्रारंभिक शिक्षा निदेशक कुंवर सिंह रावत ने स्पष्ट किया है कि जिन मदरसों को विद्यालय के रूप में मान्यता दी गई है, उन्हें राजकीय विद्यालयों में लागू नियमों का पालन करना होगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इस व्यवस्था का असर उन मदरसों पर भी पड़ सकता है, जो शिक्षा विभाग से मान्यता लेने की प्रक्रिया में हैं। प्राधिकरण के मुताबिक, इसका उद्देश्य मदरसा शिक्षा को निर्धारित शैक्षिक मानकों के अनुरूप लाना और विद्यार्थियों को मुख्यधारा की शिक्षा व्यवस्था से जोड़ना है।
अब इस मामले में शिक्षा विभाग की कार्रवाई और संबंधित मदरसों में साप्ताहिक अवकाश की नई व्यवस्था लागू होने को लेकर स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *