देहरादून। देहरादून के रायपुर क्षेत्र में शराब की कैंटीन के बाहर हुई फायरिंग मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना का मुख्य आरोपी अक्षय प्रधान अभी भी फरार है। पुलिस टीमें उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही हैं।
3 जुलाई की रात करीब 9 बजे बंजारावाला निवासी दिवाकर खंडूरी अपने दोस्तों नवीन राणा और रोहन कुमार के साथ रिंग रोड स्थित शराब के ठेके के बाहर खड़े थे। इसी दौरान 3-4 अज्ञात लोग वहां पहुंचे और पिस्टल से दो राउंड फायर कर दिए। गोलीबारी में नवीन राणा के कंधे और राह चलते कामेंद्र शर्मा के पैर पर गोली लगी। दोनों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज किया गया।
पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने पांच टीमों का गठन कर सीसीटीवी फुटेज खंगाले और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की। पूछताछ में घायल कामेंद्र शर्मा ने बिजनौर निवासी अक्षय प्रधान और उसके साथियों पर पुरानी रंजिश का आरोप लगाया।
इसी आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपी—अरुण कुमार, सन्नी कुमार और आदर्श सिंह—को थानो रोड, सोढा सरोली क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। वहीं, मुख्य आरोपी अक्षय प्रधान की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, अक्षय प्रधान का कामेंद्र शर्मा और उसके दोस्तों से बिजनौर में एक शादी समारोह के दौरान विवाद हुआ था। तभी से दोनों पक्षों में रंजिश चल रही थी। आरोपियों की ओर से लगातार फोन पर धमकी और गाली-गलौज की जा रही थी। इसी विवाद ने देहरादून में फायरिंग का रूप ले लिया।
एसपी देहात जया बलूनी ने बताया, –“पुरानी रंजिश को लेकर फायरिंग की घटना हुई थी। मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं, जबकि मुख्य आरोपी अक्षय प्रधान और उसके अन्य साथियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।”










Leave a Reply