देहरादून। राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा देहरादून की कार्यकारिणी की बैठक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, रायपुर में हुई। बैठक में संगठन को मजबूत और सक्रिय बनाने के साथ पुरानी पेंशन बहाली के आंदोलन को गति देने पर चर्चा की गई। जिलाध्यक्ष अवधेश सेमवाल ने कहा कि पुरानी पेंशन कर्मचारियों के भविष्य की सुरक्षा, सम्मान और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ा अधिकार है। उन्होंने कहा कि चुनावी वर्ष में सरकार जल्द पुरानी पेंशन बहाल करे। संगठन अगस्त में रक्तदान शिविर आयोजन कर खून से पत्र लिखकर मुख्यमंत्री से पुरानी पेंशन बहाली की मांग करेगा। जनपद महामंत्री अभिषेक नवानी ने कहा कि आंदोलन को मजबूत करने के लिए सभी पदाधिकारियों और कर्मचारियों को एकजुट होकर सक्रिय भूमिका निभानी होगी। महिला उपाध्यक्ष प्रीति पंत और संयुक्त सचिव रीतू कोठारी ने कहा कि पुरानी पेंशन कर्मचारियों और उनके परिवारों की आर्थिक सुरक्षा से जुड़ी है। महिलाओं की अधिक भागीदारी के साथ आंदोलन को मजबूत किया जाएगा।
जिला समन्वयक आलोक जोशी ने कहा कि जनपद के प्रत्येक क्षेत्र में संगठन की गतिविधियां सक्रिय की जाएंगी। संगठन मंत्री शुभम चौधरी ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और प्रत्येक पदाधिकारी से अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभाने का आह्वान किया।
बैठक में वरिष्ठ सलाहकार हरीश चंद्र पांडे, उपाध्यक्ष अनुज कुमार व अमित ममगाईं, कोषाध्यक्ष हिमांशु रावत, संप्रेक्षक दीपक कोठारी, सलाहकार कमलेश चौहान, कार्यकारिणी सदस्य प्रशांत रावत व देवेंद्र सिंह सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।









Leave a Reply